DelhiNews

भाजपा नफरत फैलाने की सबसे बडी फैक्ट्री, इसके सत्ता में रहते देश में शांति कायम नहीं हो सकती- संजय सिंह

नई दिल्ली, 18 जून.आम आदमी पार्टी ने मणिपुर हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर सवाल खड़ा किया है। रविवार को “आप” के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा देश के अंदर नफरत फैलाने की सबसे बड़ी फैक्ट्री बन गई है। जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक इस देश में शांति कायम नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से भाजपा शासित मणिपुर जल रहा है। इसके बाद भी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खामोश हैं। इतने दिन बाद भी प्रधानमंत्री मणिपुर में हो रही हिंसा को लेकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। पीएम की इस चुप्पी से साबित होता है कि वो देश भर में नफरत की फैक्ट्री का विस्तार करना चाहते हैं। भाजपा का केवल एक ही एजेंडा है कि धर्म और जातियों के बीच झगड़ा कराओ और देश पर राज करो।

“आप” के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फेंस कर केंद्र की मोदी सरकार से कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के अंदर नफरत की सबसे बड़ी फैक्ट्री है। जब तक भाजपा अस्तित्व रहेगा और वो सत्ता में रहेगी, तब तक देश में अमन, शांति और चैन कायम नहीं रह सकता है। जब देश में नफरत के बीज बोए जाएंगे, देश में शांति ही नहीं होगी, तो देश तरक्की नहीं कर सकता है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल सकता, माताओं-बहनों को महंगाई से छुटकारा नहीं मिल सकता, किसान को उसकी फसल का दाम नहीं मिल सकता है और आम इंसान की जिंदगी की दुश्वारियां कम नहीं हो सकती है।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित मणिपुर में पिछले डेढ़ महीने से चल रही हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खामोशी साबित करती है कि भाजपा चाहती है कि उनकी नफरत की फैक्ट्री का विस्तार पूरे देश में होता रहे। कभी हिंदू-मुसलमान के नाम पर झगड़ा कराओ, कभी हिंदू-सिख के नाम पर तो कभी हिंदू-ईसाई के नाम पर झगड़ा कराओ। जब धर्मों का झगड़ा खत्म हो जाए तो जाट और गैर-जाट के नाम पर और हिंदुओ-हिंदुओं में झगड़ा कराओ, मराठा-गैरमराठा, कुकी और मैती और आदिवासी समुदायों के बीच में झगड़ा करवाओ। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी, भारतीय झगड़ा पार्टी बन गई है। भाजपा का मकसद झगड़ा कराकर, नफरत और हिंसा फैलाकर पूरे देश को बर्बादी करना है।

उन्होंने कहा कि मेरा देश के लोगों से निवेदन है कि भाजपा की असलियत पहचानिए। जब तक ये अस्तित्व में रहेंगे, इस देश का विकास नहीं हो सकता है, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल सकता, महंगाई से छुटकारा नहीं मिल सकता और किसान को उसकी फसल का दाम नहीं मिल सकता है। पिछले डेढ़ महीने से मणिपुर जल रहा है। सैकड़ों लोगों की जान चली गई। कुकी और मैती के बीच झगड़ा कराया। हिंसा हो रही है। यह कोई सामान्य हिंसा नहीं है। राज्य की महिला मंत्री, केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी दफ्तर जला दिया गया। तमाम नेताओं को दौड़ा-दौड़ा कर मारा जा रहा है। हजारों की संख्या में मणिपुर में घर जला दिए गए।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहता हूं कि मणिपुर की हिंसा में कैसे एके-47 और विदेशी हथियारों का इस्तेमाल हो रहा है? चीन, पाकिस्तान या म्यांमार- आखिर ये हथियार कहां से आ रहे हैं? मणिपुर की हिंसा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हैं। इससे यह साबित होता है कि देश में एक ऐसे प्रधानमंत्री है, जो देश को बर्बादी की ओर ले जाना चाहते हैं। उनके पास कोई एजेंडा नहीं है। नफरत फैलाओ और राज करो, यही भारतीय जनता पार्टी और देश के प्रधानमंत्री का फार्मूला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अमेरिका और विदेशों की सैर छोड़कर हिंदुस्तान की परिस्थितियां देखनी चाहिए। उनको मणिपुर जाकर वहां की परिस्थिति का सामना करके समाधान करना चाहिए। अपने ही लोग मारे जा रहे हैं और उनके घर जलाए जा रहे हैं, हजारों लोग कैंप में रह रहे हैं, फिर भी प्रधानमंत्री खामोश हैं। यह बहुत ही दुख का विषय है। इसलिए मणिपुर हिंसा पूरे तरीके से भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नाकामी का प्रतीक है। मणिपुर हिंसा इन लोगों द्वारा फैलाई गई नफरत और बीजेपी की सोच के चलते हो रही है।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button