उत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

मतदाता सूची पर जिले में बड़ा अभियान! डीएम अनुपम शुक्ला ने खुद संभाली है कमान

स्टार न्यूज़ टेलीविजन ब्यूरो रिपोर्ट

बुलबुल पाण्डेय

गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने, अपात्र अथवा मृत मतदाताओं के नाम हटवाने, नाम एवं अन्य प्रविष्टियों में त्रुटियों का संशोधन कराने तथा मतदाता पहचान पत्र में परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही फार्म-6 एवं फार्म-8 में आवेदक स्वेच्छा से अपना आधार नंबर उपलब्ध करा सकता है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक मतदाताओं को Voter Service Portal (voters.eci.gov.in) एवं ECINET एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए जागरूक करें। ऑनलाइन आवेदनों में आधार आधारित ई-साइन के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर की सुविधा भी उपलब्ध है।

श्री शुक्ला ने स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण अवधि में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का विवरण फार्म-9, 10, 11, 11ए एवं 11बी के माध्यम से संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही यह विवरण जनपद की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा। प्रत्येक बुधवार को आयोजित होने वाली बैठकों में इसकी सॉफ्ट कॉपी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे मतदाता सूची का अवलोकन कर किसी भी नाम के संबंध में आपत्ति दर्ज करा सकें।

बैठक में डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि उन्हें उपलब्ध कराई गई नवीन मतदेय स्थलों की सूची के अनुसार बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की तैनाती कर उसकी जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराएं। उन्होंने बीएलओ के माध्यम से आवेदन प्रपत्रों के सत्यापन एवं जमा करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी। बताया गया कि बीएलओ प्रतिदिन अधिकतम 10 तथा पुनरीक्षण अवधि में कुल 30 आवेदन प्रपत्र जमा कर सकता है। आवेदन प्रपत्रों के साथ यह घोषणा पत्र भी देना होगा कि उनमें दर्ज विकल्पों का व्यक्तिगत रूप से सत्यापन किया गया है और वे सही हैं।

बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने उनसे सूची का गंभीरता से अवलोकन करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल जानकारी देने की अपेक्षा की, ताकि समय रहते उसका निराकरण कराया जा सके।

बैठक में भारतीय जनता पार्टी से जिला कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, आम आदमी पार्टी से उपाध्यक्ष जावेद अहमद, समाजवादी पार्टी से जिला सचिव एवं प्रभारी मतदाता सूची राजेश कुमार यादव, बहुजन समाज पार्टी से जिला सचिव आदित्य नारायण सिंह कुशवाहा तथा अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से सदस्य रविकान्त राय उपस्थित रहे। इसके अलावा उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button