Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

मुख्यमंत्री योगी ने अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार से किया सम्मानित

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश

 

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का क्षण रहा। श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया।

 

मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रमाण पत्र, 25 हजार रुपये का चेक एवं मां सरस्वती की प्रतिमा प्रदान की। समारोह में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुल 81 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें 61 शिक्षक बेसिक शिक्षा तथा 20 शिक्षक माध्यमिक शिक्षा विभाग से रहे।

 

अश्वनी कुमार जैन फिरोजाबाद के माध्यमिक शिक्षा विभाग से राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रथम शिक्षक हैं। उन्होंने 03 अप्रैल 2006 से श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज में सहायक अध्यापक विज्ञान के पद से शिक्षण कार्य शुरू किया था। पदोन्नति के बाद वर्तमान में नागरिक शास्त्र प्रवक्ता के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

 

जैन ने शिक्षण कार्य में अनेक नवाचार किए हैं। उन्होंने जनपद के प्रथम नागरिक शास्त्र मेले, भारतीय संसद के मॉडल निर्माण, संविधान की प्रस्तावना पाठ, संविधान क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता सहित आईसीटी और पैनल बोर्ड आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया। न्यून अधिगम स्तर वाले विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था भी की।

 

सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। स्वच्छ भारत अभियान, वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश और आजादी का अमृत महोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में भी उन्होंने कार्य किया।

 

विज्ञान के क्षेत्र में जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक के रूप में उन्होंने जनपद के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियों एवं गतिविधियों का आयोजन कराया। उनके कार्यों के लिए उन्हें जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार सम्मानित किया जा चुका है। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में योगदान के लिए प्रधानमंत्री की ओर से भी उन्हें प्रशंसा पत्र प्राप्त हो चुका है।

 

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, शिक्षक एमएलसी ध्रुव कान्त त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button