
चंदपुर में दबंगों का कहर: घर में घुसकर महिलाओं व नाबालिग बच्चियों से मारपीट और छेड़खानी का आरोप
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
फिरोजाबाद चंदपुर। थाना अरांव क्षेत्र के चंदपुर गांव में एक परिवार के घर में घुसकर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ मारपीट, अभद्रता और छेड़खानी किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। घायलों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें कई टांके लगाए गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना 30 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे की है। आरोप है कि कुछ लोग शराब के नशे में जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता नैना कुमारी ने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्रता और छेड़खानी की गई। मारपीट के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिसमें छह टांके लगाए गए।
वहीं काजल कुमारी ने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर उनके साथ तथा उनकी भाभी रेशमी के साथ भी मारपीट और अभद्रता की। काजल के सिर में चोट लगने के बाद आठ टांके लगाए गए।
रैनू देवी ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। उनके सिर में छह और हाथ में पांच टांके लगाए गए। आरोप है कि पति के घर पहुंचने पर उनके साथ भी मारपीट की गई।
परिवार का कहना है कि घटना के दौरान नाबालिग बच्चियां भी घर में मौजूद थीं। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई तथा उन्हें कथित तौर पर घर से बाहर ले जाया गया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। खबर लिखे जाने तक पुलिस की जांच और कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।






