Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर अश्वनी जैन का भव्य स्वागत

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
सिरसागंज, फिरोजाबाद। श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को मानविकी वर्ग में राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार प्रदान किया गया।
अश्वनी कुमार जैन को यह सम्मान नागरिक शास्त्र विषय को रुचिकर एवं प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि, विषय में विभिन्न नवाचार करने तथा नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल निर्माण, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता सहित विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों के संचालन के लिए प्रदान किया गया। इसके अलावा शैक्षिक भ्रमण, टीएलएम के माध्यम से शिक्षण, विभिन्न प्रतियोगिताओं में योगदान, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालन तथा विद्यार्थियों को संसद और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्वच्छता कार्यक्रमों, वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश तथा आजादी का अमृत महोत्सव जैसे अभियानों में भी सक्रिय योगदान दिया है।
विद्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह का संयोजन प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन ने किया। उन्होंने अश्वनी जैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह लंबे समय से विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। नागरिक शास्त्र मेले एवं संविधान आधारित कार्यक्रमों के संचालन के साथ वह जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक भी हैं। उनके द्वारा विद्यालय एवं जिले के विभिन्न विद्यालयों में एक हजार से अधिक विज्ञान प्रदर्शनियां एवं गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं।
हेमचन्द्र जैन ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग से जिले में पहली बार किसी शिक्षक को राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। यह पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय है।
अश्वनी कुमार जैन ने मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, सोसायटी, विद्यालय परिवार एवं मीडिया वर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “काम ही पहचान है।” उनका सदैव प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक एवं सृजनात्मक अनुभव भी प्राप्त हों। शिक्षक का दायित्व केवल किताबें पढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नितिन मिश्र ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में अश्वनी जैन के राज्य स्तर पर सम्मानित होने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button