
फिरोजाबाद जिला कारागार में भावुक हुआ रक्षाबंधन, बहनों ने भाइयों की कलाइयों पर बांधा रक्षासूत्र
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद। जिला कारागार में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचीं बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों की कलाइयों पर राखी बांधी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की। इस दौरान कई बहनों, माताओं और पत्नियों की आंखें खुशी और भावुकता से नम हो गईं।
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही जिला कारागार के बाहर बहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक करीब 800 से अधिक बहनें अपने भाइयों से मुलाकात कर रक्षाबंधन का पर्व मना चुकी थीं। लंबे समय बाद अपनों से मुलाकात का यह पल कई परिवारों के लिए बेहद भावुक रहा।
बारिश के बीच जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
बारिश के मौसम को देखते हुए जेल अधीक्षक अमित चौधरी की ओर से बहनों के लिए वॉटरप्रूफ टेंट और बैठने की विशेष व्यवस्था कराई गई। इससे बारिश के बावजूद बहनों को मुलाकात के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
बाहर से केवल राखी ले जाने की अनुमति
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल परिसर के अंदर बाहर से केवल राखी ले जाने की अनुमति दी गई। मिठाई की व्यवस्था जेल प्रशासन की ओर से परिसर के अंदर ही की गई। सुरक्षा कारणों से अन्य सामान को अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रखा गया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
जेल परिसर में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। मुलाकात की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया।
रक्षाबंधन के इस अवसर पर जेल की सलाखों के पीछे बंद भाइयों और उनसे मिलने पहुंचीं बहनों के बीच भावुक मिलन देखने को मिला। परिस्थितियां चाहे जैसी हों, भाई-बहन के रिश्ते में बंधा स्नेह और अपनापन इस पर्व पर एक बार फिर दिखाई दिया।




