
पोगो’ पर शुरू हुआ नया 3D शो ‘सम्पत चम्पत’, बच्चों को हंसी और रोमांच का डबल डोज
वीना टंडन
नई दिल्ली। बच्चों के मनोरंजन की दुनिया में एक और नया धमाका हो गया है। सम्पत चम्पत’, नामक 3D एनिमेटेड शो का प्रीमियर 18 मई को POGO पर किया गया। यह शो मशहूर लोटपोट कॉमिक्स के लोकप्रिय किरदारों पर आधारित है।
करीब 40 सालों से अपनी मजेदार हरकतों और कॉमेडी से लोगों का मनोरंजन कर रहे सम्पत और चम्पत अब पहली बार टीवी स्क्रीन पर 3D एनिमेशन में नजर आ रहे हैं। शो बच्चों के साथ-साथ पूरे परिवार के लिए हंसी, रोमांच और पुरानी यादों से भरपूर मनोरंजन लेकर आया है।
शो के निर्माता और लोटपोट कॉमिक्स के प्रकाशक अमन बजाज j ने कहा कि सम्पत चम्पत को टीवी पर एनिमेशन के रूप में देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि लोटपोट की दुनिया पहले भी मोटू पतलू और शेखचिल्ली एंड फ्रेंड्स जैसे लोकप्रिय किरदार दे चुकी है और उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इस नए शो को भी भरपूर प्यार देंगे।
लोटपोट कॉमिक्स के सीएमओ और शो के निर्माता शिवांक अरोड़ा ने कहा कि यह उनका पहला बच्चों का टीवी प्रोजेक्ट है, जिसके लिए टीम ने कई वर्षों तक मेहनत की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शो दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगा।
कॉमिक लेखक और चित्रकार डॉ हरविंदर मक्कड़ ने कहा कि उन्होंने 40 साल पहले सम्पत चम्पत के किरदार बनाए थे और अब उन्हें एक बड़े चैनल पर एनिमेशन के रूप में देखना गर्व की बात है।
‘सम्पत चम्पत’ मजेदार कॉमेडी, शानदार एनिमेशन और भावनाओं से भरपूर शो है, जो बच्चों और परिवारों का नया पसंदीदा बन सकता है। यह शो रोज सुबह 10:30 बजे पोगो चैनल पर प्रसारित किया जा रहा है।





