
वीना टंडन
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में ‘युवा कुंभ’ नाम से आयोजित कार्यक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। विभिन्न छात्र संगठनों, खासकर आईसा (AISA), ने इस कार्यक्रम का विरोध करते हुए कैंपस में प्रदर्शन किया और ‘RSS गो बैक’ के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों ने छात्रों को रोकने की कोशिश भी की, जिससे माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।इसी के चलते कैंपस के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
आईसा ने इस मुद्दे पर बयान जारी कर कहा कि जामिया में RSS के लिए कोई स्थान नहीं है। संगठन ने आरोप लगाया कि ‘युवा कुंभ’ के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम को वह खारिज करता है और अन्य प्रगतिशील छात्र संगठनों के साथ मिलकर इसका विरोध जारी रखेगा।
बयान में यह भी कहा गया कि देशभर के विश्वविद्यालयों में RSS इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर अपनी विचारधारा को बढ़ावा देता है। आईसा ने RSS की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि यह संगठन अब राष्ट्रवाद के नाम पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, जामिया प्रशासन द्वारा ऐसे कार्यक्रम की अनुमति दिए जाने की भी कड़ी निंदा की गई है।
