DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली से हज उड़ानों का शुभारंभ, 371 यात्री मदीना के लिए रवाना

टर्मिनल-3 पर हुआ भव्य विदाई समारोह

वीना टंडन
नई दिल्ली । नई दिल्ली से पवित्र हज यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को हो गया। पहली उड़ान में 371 हज यात्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सऊदी एयरलाइन के जरिए पवित्र शहर मदीना के लिए रवाना हुए। इस मौके पर टर्मिनल-3 पर भव्य समारोह आयोजित कर यात्रियों को फूल-मालाओं के साथ विदाई दी गई।
कार्यक्रम में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स कृष्णा और दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सऊदी अरब के उप मिशन प्रमुख अहमद मुशब्बब अल अहमरी, मंत्रालय के संयुक्त सचिव राम सिंह और हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी भी मौजूद रहे।
सचिव ने अपने संबोधन में कहा कि हज यात्री भारत के प्रतिनिधि के रूप में सऊदी अरब में जाएंगे और अपनी संस्कृति का परिचय देंगे। वहीं, चेयरपर्सन कौसर जहां ने भरोसा दिलाया कि हज यात्रियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
हज कमेटी के अनुसार, पहली उड़ान में 177 महिला और 194 पुरुष यात्री शामिल थे। वहीं शनिवार शाम दूसरी उड़ान से 410 यात्री रवाना होंगे। 18 अप्रैल से 20 मई तक कुल 54 उड़ानों के माध्यम से 21 हजार से अधिक हज यात्री दिल्ली एम्बार्केशन पॉइंट से मदीना और जेद्दा के रास्ते मक्का के लिए प्रस्थान करेंगे।
इस वर्ष पहली बार अल्प-अवधि हज यात्रा की सुविधा भी शुरू की गई है, जिसके तहत 19 और 20 मई को पांच उड़ानों से करीब 2000 यात्री 20 दिनों की हज यात्रा पर जाएंगे। इसके अलावा, बिना महरम के महिला हज यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिनकी उड़ान 21 मई को निर्धारित है।
प्रशासन के अनुसार, यह व्यवस्था उन यात्रियों के लिए काफी सहायक साबित होगी, जो समय की कमी के कारण लंबी अवधि की हज यात्रा नहीं कर पाते थे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button