
दिल्ली में “श्री बाबा नीब करौरी महाराज” फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस,
24 अप्रैल को होगी रिलीज
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गोल मार्केट स्थित द मेट्रोपॉलिटन होटल में आध्यात्मिक और प्रेरणादायक फिल्म “श्री बाबा नीब करौरी महाराज” की भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें फिल्म की स्टार कास्ट और निर्माताओं ने हिस्सा लेकर मीडिया से बातचीत की और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।
इस मौके पर अभिनेता सुबोध भावे, समीक्ष भटनागर, वर्षा मणिकचंद, अनिरुद्ध दवे और हितेन तेजवानी मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी कलाकारों ने फिल्म में अपने किरदारों को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और बताया कि यह फिल्म केवल एक कहानी नहीं बल्कि आस्था और भक्ति से जुड़ी एक आध्यात्मिक यात्रा है।
फिल्म का निर्देशन शरद सिंह ठाकुर ने किया है, जिसमें सुबोध भावे मुख्य भूमिका में श्री बाबा नीब करौरी महाराज के रूप में नजर आएंगे। समीक्ष भटनागर सिद्धि मां, वर्षा मणिकचंद भक्ति मां और अनिरुद्ध दवे जीवन दादा की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि हितेन तेजवानी भी एक अहम किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म में राजेश शर्मा, मिलिंद गुणाजी, हेमंत पांडे, मोहित गुप्ता, महेश शेट्टी, हार्दिक कौर, स्मिता तांबे, गरिमा अग्रवाल, आरती नागपाल, गौरीशंकर सिंह, शैलेंद्र गौर, शांतनु और श्यामलाल जैसे कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़क सिंह गौर और नीलम सिंह द्वारा किया गया है। यह फिल्म अनीशा फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले पीसी ज्वेलर, बीएसआर फिल्म प्रोडक्शंस और एडवांस टेक्नोलॉजी के सहयोग से बनाई गई है, जबकि फर्स्ट फिल्म स्टूडियो इसके ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन का जिम्मा संभाल रहा है।
फिल्म की टीम के अनुसार यह फिल्म दर्शकों को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता से जुड़ी एक गहन अनुभव यात्रा पर ले जाएगी और अपने सशक्त अभिनय व प्रभावशाली कहानी के माध्यम से हर वर्ग के दर्शकों को जोड़ने का प्रयास करेगी।
“श्री बाबा नीब करौरी महाराज” फिल्म 24 अप्रैल 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

