
वीना टंडन
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों से कहा है कि वे तकनीक के गुलाम न बनें, बल्कि अपने ज्ञान का विस्तार करें और तकनीक को अपने काम में सही दिशा में इस्तेमाल करें।
कार्यक्रम में कोयंबटूर के छात्र आदि विक्रम ने पीएम मोदी से पूछा कि क्या हमें AI से डरना चाहिए, क्योंकि कई कंपनियों में इंसान की जगह AI काम कर रहा है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि हर युग में नई तकनीक आती रही है। पहले कंप्यूटर को लेकर चर्चा होती थी, अब AI। हमें डरने की बजाय यह तय करना चाहिए कि हम तकनीक के मालिक हैं, न कि इसके गुलाम।
पीएम मोदी ने यह भी चिंता जताई कि आजकल कई बच्चों के लिए मोबाइल फोन उनका मालिक बन चुका है। अगर मोबाइल नहीं है, तो वे खाना तक नहीं खा पाते। उन्होंने छात्रों को समझाया कि तकनीक के गुलाम न बनकर इसे अपने कार्यों में सहायक बनाना चाहिए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर आप AI से पूछते हैं कि कोई किताब कहां मिलेगी, तो यह मददगार हो सकता है। लेकिन अगर आप AI से पढ़ाई करने का काम करवा रहे हैं, तो यह गलत है। पीएम मोदी ने छात्रों को सलाह दी कि तकनीक को समझकर उसका सही उपयोग करें और इसमें मूल्य जोड़ें, तभी नई तकनीक का लाभ लिया जा सकता है और डरने की जरूरत नहीं है।