DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन: संगठन और सेवा की परंपरा को मिलेगी नई दिशा

वीना टंडन
नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। पार्टी ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर अनुभवी नेता नितिन नबीन को चुना। नबीन ने आज पदभार संभाला, और इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी तथा संगठन के उज्जवल भविष्य पर भरोसा जताया।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नितिन नबीन को ऐसा नेता बताया जो जमीनी कार्यकर्ता से संगठन के शीर्ष नेतृत्व तक का सफर तय कर चुका है। उन्होंने कहा कि नबीन वैचारिक रूप से परिपक्व हैं और बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। बिहार सरकार में मंत्री रह चुके नबीन ने युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में भी अनुभव प्राप्त किया। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम जैसे राज्यों के प्रभारी रहते हुए उन्होंने संगठन को मज़बूत करने और वहां सरकार गठन में अहम भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि प्रक्रिया और परंपरा से आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री ने संगठन पर्व के शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होने को भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक संस्कृति का उदाहरण बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के सफर को याद करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। इसके बाद विभिन्न अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा लगातार मजबूत हुई और आज पंचायत से लेकर संसद तक जनता की पहली पसंद बनी है। प्रधानमंत्री ने कहा, “जब पार्टी की बात आती है, तो नितिन नबीन मेरे बॉस हैं।” उन्होंने खुद को हमेशा भाजपा का कार्यकर्ता बताया।
प्रधानमंत्री ने भाजपा के मूल मंत्र ‘खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश’ को याद करते हुए कहा कि यही संस्कार पार्टी के हर कार्यकर्ता को जोड़ता है। उन्होंने बीते वर्षों में लिए गए अनुच्छेद 370 हटाने और तीन तलाक जैसी अहम पहलों का जिक्र किया और बताया कि यह देश और संगठन के संकल्प का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीबों के अधिकारों को प्रभावित करने वाली चुनौतियों, जैसे घुसपैठ, पर भी चिंता जताई और कहा कि इस मुद्दे पर वोटबैंक राजनीति की हर चाल जनता के सामने लाना जरूरी है।
इस अवसर पर नए अध्यक्ष नितिन नबीन ने भाजपा के पूर्व अध्यक्षों का सम्मान किया और उनके योगदान को याद किया। नबीन ने कहा, “जब मैं 2006 में पहली बार विधायक बना, तब से देखा कि किस तरह राजनाथ सिंह जी ने हर कार्यकर्ता से जुड़ने का प्रयास किया, नितिन गडकरी जी ने संगठन के हर मोर्चे को गढ़ा, और अमित शाह जी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता की चिंता की। मैं पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन करता हूं।”
भाजपा के नए नेतृत्व के चुनाव के साथ यह संदेश स्पष्ट हो गया है कि संगठन, संस्कार और सेवा की परंपरा ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है, और आगे भी यही पार्टी की दिशा तय करेगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button