
पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने मेयर शैली ओबरॉय और संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ आईटीओ स्थित एमसीडी ड्रेन न.12 का निरीक्षण किया
सुषमा रानी
1 जुलाई, नई दिल्ली:दिल्ली में जलजमाव को रोकने की दिशा में पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी लगातार दूसरे दिन ग्राउंड जीरो पर मौजूद रही। सोमवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी ने आईटीओ स्थित एमसीडी के ड्रेन न.12 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेयर शैली ओबरॉय, मुख्य सचिव सहित एमसीडी, पीडब्ल्यूडी,शहरी विकास और बाढ़ एवं सिंचाई नियंत्रण विभाग के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।
बता दे कि, एमसीडी की ड्रेन संख्या 12 सेंट्रल दिल्ली से पानी की यमुना तक पहुँचाने का काम करती है। 28 जून को दिल्ली में 24 घंटे में ही 228 मिमी की अप्रत्याशित बारिश हुई थी। सामान्य समय में पूरे मानसून के दौरान दिल्ली में 800 मिमी बारिश होती है लेकिन इस बार मात्र 24 घंटे में ही पूरे मानसून की लगभग एक चौथाई बारिश हो गई। इस अप्रत्याशित बारिश से ड्रेन न.12 ओवरफ़्लो फ्लो हुई और इस कारण आईटीओ चौक के आसपास जलजमाव की समस्या उत्पन्न हुई।
भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो इसे लेकर सोमवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी और मेयर शैली ओबरॉय ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आईटीओ चौक से नाले के आउटफॉल तक इसके एक बड़े हिस्से का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, आगामी बरसात में एमसीडी ड्रेन संख्या 12 को ओवरफ़्लो होने से रोकने के लिए शोर्ट टर्म समाधान निकाले।
साथ ही उन्होंने, अधिकारियों को ड्रेन को ओवरफ़्लो होने से रोकने के लिए स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिये ताकि भविष्य में इसके कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेयर शैली ओबरॉय ने भी कहा कि, आईटीओ चौक और इसके आसपास की सड़कें दिल्ली के सबसे महत्वपूर्ण मार्गो में शामिल है। यहाँ जलजमाव न हो इसके लिए हम दिल्ली सरकार के विभागों के साथ मिलकर काम करेंगे और जलजमाव की रोकथाम के लिए हर ज़रूरी कदम उठायेंगे।








