Delhiताज़ा तरीन खबरें

पानी देने की गुहार लगाकर थक चुकीं जल मंत्री आतिशी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन अनशन करेंगी- संजय सिंह

सुषमा रानी

नई दिल्ली, 20 जून देश के लिए शुक्रवार का दिन बेहद अहम होने वाला है। भाजपा की केंद्र और हरियाणा सरकार से दिल्लीवालों को उनके हक का पानी देने की गुहार लगाकर थक चुकीं दिल्ली जल मंत्री आतिशी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी। इस संबंध में ‘‘आप’’ सांसद संजय सिंह का कहना है कि देश के इतिहास में पहली बार पानी के लिए किसी राज्य का जलमंत्री अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठेगा। उन्होंने इंडिया गठबंधन के सभी दलों से अपील है कि वो भी दिल्ली के लोगों को पानी दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी का साथ दें। संजय सिंह ने दिल्ली में जल संकट के लिए भाजपा, प्रधानमंत्री और एलजी को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि हमारे बार-बार अनुरोध के बाद भी हरियाणा ने दिल्ली के हक का पानी नहीं छोड़ा। प्रधानमंत्री खुद को प्रधान सेवक कहते हैं और उनकी नाक के नीचे दिल्ली के लोगों को उनके हक का पानी नहीं मिल रहा है, जो बेहद शर्मनाक है। प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि दिल्लीवालों का क्या कसूर है? दिल्लीवालों ने तो भाजपा को सातों सीटें दे दी। इसके बाद भी उन्हें उनके हक का पानी क्यों नहीं दे रहे हैं?

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि दिल्ली का जल संकट भाजपा द्वारा प्रायोजित संकट है। हमारे बार-बार अनुरोध और प्रयास के बावजूद हरियाणा की भाजपा सरकार दिल्ली के हक का पानी नहीं दे रही है। वह दिल्ली के पीने का पानी रोक रही है। इस भीषण गर्मी में दिल्ली के लोगों के पीने का पानी रोकना कितना बड़ा पाप है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि वह देश के प्रधान सेवक हैं और उनका मकसद पूरे देश की सेवा करना है। लेकिन प्रधानमंत्री यह तो बताएं कि दिल्ली के लोगों का क्या गुनाह है?

संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने दिल्ली के लोगों के लिए लगातार प्रयास किया। उन्होंने दिल्ली के लोगों की पानी की समस्या दूर करने के लिए हर जगह मदद मांगी और गुहार लगाई। उन्होंने एलजी से अनुरोध किया, अधिकारियों से कहा, केंद्र सरकार से विनती की और हरियाणा सरकार से अनुरोध किया कि वह दिल्ली के 28 लाख लोगों के हक का पानी दे दें। लेकिन भाजपा के लोगों ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की कोई बात नहीं सुनी। आप हमारे साथ बैठिए, हम बातचीत करने के लिए तैयार हैं। आप हमारे साथ आमने-सामने आंख से आंख मिलाकर बात कीजिए। अगर भाजपा दिल्ली के जल संकट के लिए जिम्मेदार नहीं है तो देश की जनता के सामने सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस संकट के लिए भाजपा, एलजी, हरियाणा सरकार और प्रधानमंत्री जिम्मेदार हैं।

संजय सिंह ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार होगा जब एक राज्य की जल मंत्री पानी के संकट के लिए अपनी आवाज उठाते-उठाते थक गई तो उसे अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठना पड़ रहा है। आज दिल्ली के लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसाया जा रहा है। उसके खिलाफ शुक्रवार से दिल्ली की जल मंत्री आतिशी का अनशन शुरू हो रहा है। मैं इंडिया गठबंधन के सभी दलों से अनुरोध करता हूं कि वह इस लड़ाई में आतिशी और आम आदमी पार्टी का साथ दें। हम गलत हैं तो आप हमें सजा दें, लेकिन दिल्ली को हरियाणा सरकार से दिल्ली के हक का पानी मिलना चाहिए। जल मंत्री आतिशी दिल्ली के लोगों के हक के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रही हैं। मैं दिल्ली की जनता से निवेदन करूंगा कि वे भी इस लड़ाई में आतिशी के साथ आएं। प्रधानमंत्री से हमारा आग्रह है कि वह आंख पर पट्टी बांध कर धृतराष्ट्र न बनें और दिल्ली का जल संकट दूर करवाएं। दिल्ली के लोगों ने आपको जिताया है, आप उन्हें इसकी सजा मत दीजिए। दिल्ली के लोगों ने आपको जैसे ही जिताया आपने उनका पानी बंद कर दिया।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button