
यूपी की धर्म नगरी में नीले ड्रमों में भरी मिली 500 के नोटों की एक हजार गड्डियां
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
राकेश पाण्डेय
प्रयाग राज:उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नवाबगंज इलाके के बरईपुर (रामनगर) गांव में एक घर की जमीन के नीचे गाड़े गए तीन नीले ड्रमों से पांच करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई है।
यह घर राकेश यादव उर्फ महाकाल का है। राकेश पुणे में एक सर्राफा कारोबारी के यहां काम करता था। लॉकडाउन के दौरान वह गांव लौट आया था। आते ही गांव में करीब दस करोड़ की 22 बीघा जमीन खरीदी।
एक करोड़ रुपए का आलीशान मकान बनवाया। दो ट्रैक्टर, डीजे और पिकअप खरीदे। सीमेंट और सरिया का कारोबार भी शुरू कर दिया। सब कुछ बढ़िया और मजे में चल रहा था। छह भाई हैं। तीन गांव में रह रहे थे, तीन बाहर।
बात तब बिगड़ी जब कुछ दिनों पहले पड़ोसी से विवाद हुआ। पड़ोसियों ने पुलिस में शिकायत की कि चोरी के रुपये जमीन में गाड़कर रखे गए हैं। पुलिस ने जांच की तो तीन नीले ड्रमों में नोटों का जखीरा मिला।
500-500 रुपये के नोटों की करीब एक हजार गड्डियां। कुल रकम 5 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इस मामले में राकेश के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है।






