DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

ओम बिरला ने किया गणेश पूजन, रसराज महाराज के भजनों से राममय हुआ लाल किला मैदान

लव कुश रामलीला का भव्य शुभारंभ, अभिनेता पेंटल ने नारद की भूमिका से बटोरी वाहवाही

वीना टंडन
नई दिल्ली,। लाल किला मैदान में लव कुश रामलीला कमेटी की रामलीला का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने काशी, मथुरा और दिल्ली से आए विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से गणेश पूजन किया। इस दौरान क्षेत्रीय सांसद प्रवीण खंडेलवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रामलीला के पहले दिन धार्मिक प्रसंगों के मंचन के साथ भजन संध्या ने भी श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। सुप्रसिद्ध भजन गायक रसराज जी महाराज के भजनों से पूरा रामलीला परिसर राममय हो उठा। प्रभु श्रीराम के भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।

कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि गणेश पूजन के बाद रामलीला में भगवान शिव-पार्वती प्रसंग, नारद मोह, विश्वमोहिनी स्वयंवर, रावण-कुंभकर्ण की तपस्या और रावण-वेदवती संवाद का आकर्षक मंचन किया गया। 400 से अधिक फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा दिखा चुके अभिनेता पेंटल ने नारद की भूमिका निभाई। उनके अभिनय को दर्शकों की खूब सराहना मिली।

रामलीला के इन प्रसंगों के जरिए दर्शकों को भारतीय संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का संदेश दिया गया। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में रसराज जी महाराज ने अपनी मधुर आवाज में प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु देर तक भजनों का आनंद लेते रहे।

अर्जुन कुमार ने आयोजन में सपरिवार शामिल हुए श्रद्धालुओं और रामभक्तों का आभार जताया। उन्होंने लोगों से रामलीला के आगामी कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

आज होगा श्रीराम जन्म का मंचन

रामलीला के दूसरे दिन सोमवार, 12 अक्टूबर को पुत्रेष्टि यज्ञ, भगवान श्रीराम का जन्म, नामकरण संस्कार, महर्षि विश्वामित्र के यज्ञ की रक्षा, ताड़का वध और सुबाहु वध समेत कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। कमेटी के मुताबिक, इन प्रसंगों को भव्य तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button