
अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने जताया हर्ष
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
सिरसागंज, फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने श्री महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अश्वनी कुमार जैन को यह पुरस्कार प्रदान किया।
कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने अपने आवास पर अश्वनी कुमार जैन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले माध्यमिक शिक्षा विभाग के जनपद फिरोजाबाद एवं सिरसागंज के प्रथम शिक्षक हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि अश्वनी जैन विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी उपलब्धि से सिरसागंज नगर और जनपद फिरोजाबाद का नाम रोशन हुआ है।
अश्वनी कुमार जैन को यह पुरस्कार विद्यार्थियों में नागरिक शास्त्र विषय के प्रति रुचि बढ़ाने, विषय में नवाचार करने और शैक्षिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए प्रदान किया गया है। उन्होंने विद्यालय में नागरिक शास्त्र मेले, भारतीय संसद के मॉडल का निर्माण, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज, पोस्टर प्रतियोगिता और पैनल बोर्ड के माध्यम से वीडियो आधारित शिक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित कीं। इसके साथ ही शैक्षिक भ्रमण, शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के उपयोग तथा विभिन्न विद्यालयी प्रतियोगिताओं में भी योगदान दिया।
उन्होंने महापुरुषों की जयंती और राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्वच्छता संबंधी कार्यक्रमों के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त वृक्षारोपण, सड़क सुरक्षा, मेरी माटी मेरा देश और आजादी का अमृत महोत्सव जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया। विद्यार्थियों को संसद और चुनाव संबंधी जानकारी देने के साथ सामाजिक कार्यों में भी उनका योगदान रहा।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार जैन ने कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह सहित समस्त जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, विद्यालय परिवार और मीडिया वर्ग के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि काम ही पहचान है। उनका सदैव प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ प्रायोगिक और सृजनात्मक अनुभव भी प्राप्त हों, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी सिरसागंज, क्षेत्राधिकारी सिरसागंज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





