
हिसार सफाई कर्मचारियों के समर्थन में भीम सेवक संघ ने सौंपा ज्ञापन
स्टार न्यूज़ टेलीविजन
हरियाणा के हिसार जिले में सफाई कर्मचारियों की जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल के समर्थन में भीम सेवक संघ ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। संघ के संस्थापक गुलाब सिंह के दिशा-निर्देश पर आजाद नगर स्थित राष्ट्रीय अध्यक्ष निगम वाल्मीकि के आवास पर आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक के बाद क्षेत्राधिकारी (CO) संतोष कुमार सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे, जहां संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हिसार में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने तथा जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से आमजन के सामने उत्पन्न हो रही समस्याओं पर चिंता जताई गई।
संघ ने कच्चे सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने, ठेका एवं आउटसोर्सिंग प्रथा समाप्त करने, समान काम-समान वेतन लागू करने, कर्मचारियों को सुरक्षा किट एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने तथा लंबित ईपीएफ, ईएसआई और भत्तों का भुगतान कराने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष निगम वाल्मीकि ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर तत्काल वार्ता कर समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो भीम सेवक संघ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा और जरूरत पड़ने पर देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस दौरान मोनू सिंह, रावित पाल सिंह, ललित जाटव, बाला साहब, सचिन वाल्मीकि, छोटू अंबेडकर सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





