DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया बायो से हटाया भाजपा का नाम, सियासी अटकलें तेज

- नए बायो में खुद को बताया "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी" - भाजपा का उल्लेख नहीं होने से चर्चाओं का दौर शुरू - इस्तीफे या बदलाव को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं

वीना टंडन
नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल का बायो अपडेट कर दिया है। नए बायो में भाजपा का कहीं भी उल्लेख नहीं है, जबकि उन्होंने स्वयं को “धर्म–इस्लाम, संस्कृति–हिंदू, विचारधारा–भारतीय” बताते हुए “जीएसटी की यात्रा” पुस्तक का लेखक और “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन अनुयायी” लिखा है।

शहजाद पूनावाला ने अपने नए बायो का स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। बायो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन स्पष्ट रूप से दर्ज है, लेकिन भाजपा का नाम नहीं होने से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

हालांकि, बायो में इस बदलाव की वजह को लेकर अभी तक शहजाद पूनावाला या भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शहजाद पूनावाला पहले कांग्रेस से जुड़े थे। वर्ष 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर विवाद के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी।

भाजपा में रहते हुए शहजाद पूनावाला टीवी बहसों और सोशल मीडिया पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए जाने जाते रहे हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों के मुखर समर्थकों में रहे हैं तथा कई अवसरों पर कांग्रेस और राहुल गांधी की तीखी आलोचना भी करते रहे हैं।

फिलहाल, बायो में भाजपा का नाम हटाए जाने के कारणों पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति समर्थन बनाए रखने का उल्लेख उन्होंने अपने नए प्रोफाइल में बरकरार रखा है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button