Trendingताज़ा तरीन खबरें

उलेमा बोर्ड ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को बताया ‘छात्रों और देशप्रेमियों की बड़ी जीत’

दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को दी मुबारकबाद, लोकतंत्र की मजबूती के लिए केंद्र सरकार के फैसले का किया स्वागत

ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे देश के जागरूक छात्रों और देशप्रेमियों की एक बड़ी ऐतिहासिक जीत करार दिया है। बोर्ड के राष्ट्रीय महासचिव राशिद नसीम एडवोकेट और उत्तर प्रदेश (मीडिया विंग) के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल्ला अख्तर ने एक संयुक्त बयान जारी कर इस पूरे घटनाक्रम पर अपने विचार रखे।
बोर्ड के पदाधिकारियों ने दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए छात्रों द्वारा किए गए शांतिपूर्ण और अनुशासित प्रदर्शन की जमकर सराहना की। राष्ट्रीय महासचिव राशिद नसीम एडवोकेट ने कहा, “देश का युवा और छात्र जब अपने हक और देश के भविष्य के लिए सड़कों पर उतरता है, तो उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। जंतर-मंतर पर हुआ प्रोटेस्ट इस बात का गवाह है कि देश की जनता अपने अधिकारों के प्रति कितनी सजग है। हम आंदोलन में शामिल सभी छात्रों को इस बड़ी सफलता पर दिल से मुबारकबाद पेश करते हैं, उन्होंने कहा कि यह फैसला देश के युवाओं के संघर्ष, एकजुटता और न्याय की मांग के आगे सरकार के झुकने का प्रमाण है।

*केंद्र सरकार के फैसले की तारीफ, बताया लोकतंत्र की जीत*
बयान में एक तरफ जहाँ छात्रों के संघर्ष को सराहा गया, वहीं दूसरी तरफ ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड ने केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत भी किया। उत्तर प्रदेश मीडिया विंग के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल्ला अख्तर ने कहा कि सरकार ने जनता की आवाज को सुना और उसके सम्मान में यह फैसला लिया, जो कि एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी और बेहतर संकेत है।
अब्दुल्ला अख्तर ने आगे कहा, “लोकतंत्र में जनता और सरकार के बीच संवाद होना चाहिए। सरकार ने इस मामले में जिस तरह का रुख दिखाया है और लोकतंत्र की मर्यादा को बनाए रखते हुए कदम उठाया है, वह वाकई काबिले-तारीफ है। इससे देश के नागरिकों का लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं पर भरोसा और ज्यादा मजबूत होगा।”
बोर्ड ने उम्मीद जताई कि शिक्षा मंत्रालय में हुए इस बड़े फेरबदल के बाद अब देश की शिक्षा व्यवस्था, परीक्षाओं की शुचिता और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अधिक संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड हमेशा देश की तरक्की, बेहतरी युवाओं के हक की आवाज़ को मजबूती से उठाता रहेगा।
मुख्य रूप से राष्ट्रीय कार्यवाहक महामंत्री शेफ़ता सिद्दीकी, राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद अख़्तर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मीडिया विंग उप्र मोहम्मद इरफान, प्रदेश संगठन मंत्री मीडिया विंग उप्र फ़िरोज़ वारसी, प्रदेश महासचिव मीडिया विंग उप्र आशुतोष केशव ने केंद्रीय नेतृत्व के फ़ैसले को बखूबी सराहा।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button