
पेपर लीक के बाद NTA में बड़े बदलाव, चार वरिष्ठ पदों पर भर्ती शुरू
बिल्ड न्यू NTA' अभियान के तहत संस्थागत सुधार तेज, यंग प्रोफेशनल्स के लिए भी अवसर
‘वीना टंडन
नई दिल्ली। देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाएं NEET और JEE आयोजित करने वाली राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक विवाद के बाद व्यापक संस्थागत सुधारों की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। ‘बिल्ड न्यू NTA’ अभियान के तहत एजेंसी ने चार वरिष्ठ नेतृत्व पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही सिविल सेवा परीक्षा दे चुके युवाओं के लिए भी विभिन्न शोध पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
एनटीए ने लिंक्डइन पर जारी पोस्ट में कहा है कि प्रोफेसर के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली हाई-लेवल कमेटी ऑफ एक्सपर्ट्स (HLCE) की सिफारिशों के आधार पर एजेंसी अपने इतिहास के सबसे बड़े संस्थागत सुधारों से गुजर रही है। एजेंसी के अनुसार अकादमिक गुणवत्ता, तकनीक, सुरक्षा, संचालन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाकर करोड़ों छात्रों को अधिक विश्वसनीय और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी क्रम में एनटीए ने असेसमेंट (आरएंडडी एवं साइकोमेट्रिक्स), टेस्ट सेंटर नेटवर्क एवं ऑपरेशन्स, चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी) तथा विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन एंड फोरेंसिक्स के लिए जनरल मैनेजर स्तर के चार वरिष्ठ पदों पर भर्ती निकाली है।
इसके अलावा एजेंसी ने सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हो चुके युवाओं से यंग प्रोफेशनल पदों के लिए भी आवेदन मांगे हैं। इनमें अकादमिक रिसर्च के 12, लीगल रिसर्च के 2 तथा फाइनेंस एंड अकाउंट्स रिसर्च के 2 पद शामिल हैं।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में पेपर लीक के मामलों के बाद एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसके बाद केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधारों के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया था, जिसकी सिफारिशों को अब चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।






