
बकरीद पर सीलमपुर से उठा अनोखा संदेश, मुस्लिम समुदाय ने गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग उठा
वीना टंडन
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में बकरीद के मौके पर इस बार एक अलग और अनोखी तस्वीर देखने को मिली। जहां आमतौर पर त्योहार के दौरान कुर्बानी और धार्मिक आयोजनों की चर्चा होती है, वहीं कुछ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए उसे राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव का संदेश देना है। उनका मानना है कि ऐसे कदम सामाजिक एकता को मजबूत करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
बकरीद जैसे मौके पर इस तरह की पहल ने इलाके में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस पहल को लेकर इलाके और राजनीतिक हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे सामाजिक सौहार्द की दिशा में सकारात्मक कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं। हालांकि प्रदर्शन में शामिल लोगों ने साफ कहा कि उनकी पहल का मकसद केवल सद्भाव और एकता का संदेश देना है।





