
दिल्ली से हज का कारवां रवाना, 31 उड़ानों में 12 हजार से ज्यादा जायरीन मदीना पहुंचे
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से मुकद्दस सफर-ए-हज का सिलसिला जारी है और अब तक हजारों जायरीन अपने रूहानी सफर पर रवाना हो चुके हैं। 18 अप्रैल से शुरू हुए पहले चरण में 4 मई तक कुल 31 उड़ानों के जरिए 12,187 हज यात्री मदीना मुनव्वरा पहुंच चुके हैं। इनमें 6,226 पुरुष और 5,661 महिला जायरीन शामिल हैं।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से 4 मई सुबह 9:45 बजे सऊदी अरबिया एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी-5909 के रवाना होने के साथ ही मदीना जाने वाली उड़ानों का पहला चरण पूरा हो गया।
अब दूसरे चरण की शुरुआत 6 मई से होगी, जब जेद्दा के लिए उड़ानों का सिलसिला शुरू होगा। यह चरण 20 मई तक चलेगा, जिसमें 23 उड़ानों के जरिए 8,855 हज यात्री जेद्दा होते हुए मक्का मुकर्रमा पहुंचेंगे।
मदीना मुनव्वरा में करीब आठ दिन का प्रवास पूरा करने के बाद जायरीन का काफिला अब मक्का मुकर्रमा की ओर भी बढ़ने लगा है।
इस वर्ष हज 2026 के लिए पूरे देश से 1,75,025 यात्रियों के जाने की व्यवस्था की गई है, जिनमें दिल्ली स्टेट हज कमेटी के तहत दिल्ली से 21,100 जायरीन रवाना होंगे। खास बात यह है कि दिल्ली हज एम्बार्केशन पॉइंट से 20 राज्यों—दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित—के यात्री इस पवित्र यात्रा पर निकल रहे हैं।
दिल्ली से हज उड़ानों की यह निरंतरता देश के सबसे बड़े एम्बार्केशन सेंटर के रूप में राजधानी की अहम भूमिका को भी दर्शाती है, जहां से हर साल हजारों लोग अपने इस पाक सफर की शुरुआत करते हैं।


