
अंबेडकर जयंती पर मुख्यमंत्री का संदेश: सामाजिक न्याय और समावेशी विकास सरकार की प्राथमिकता
वीना टंडन
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संघर्षमय जीवन और उनके विचार सरकार की सेवा यात्रा के लिए निरंतर प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार बाबा साहब के सामाजिक न्याय के स्वप्न को साकार करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के ‘शिक्षित बनो’ के संदेश को आधार बनाकर वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आधुनिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, साथ ही विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार बाबा साहब के समानता और सम्मान के आदर्शों के अनुरूप एक समावेशी दिल्ली के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है, जहां हर नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अंबेडकर जयंती के मौके पर शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के जीपी ब्लॉक और बेरीवाला बाग ब्लॉक में वॉटर एटीएम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 55, 56 और 57 में स्थापित ये वॉटर एटीएम हर परिवार तक सम्मानपूर्वक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में मदद करेंगे। इन वॉटर एटीएम की क्षमता 2000 लीटर प्रति घंटे शुद्ध पानी उपलब्ध कराने की है, जबकि कार्ड के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन 20 लीटर पेयजल प्राप्त कर सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी हैं, ताकि हर नागरिक को सुविधा, सम्मान और बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराया जा सके।
इस कार्यक्रम में पार्षद अनीता जैन, अमित नागपाल, जिलाध्यक्ष अजय खटाना, मंडल अध्यक्ष नीतीश जैन और नरेश जैन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
