
वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रशासन को आम जनता के और करीब लाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार ने ‘सीएम जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल ऐप’, ‘ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल’ को सीएससी केंद्रों से जोड़ने और नए ‘EWS/DG/CWSN पोर्टल’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। दिल्ली सचिवालय से इन डिजिटल सेवाओं को जनता को समर्पित किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि पहली बार दिल्ली में जनसुनवाई के माध्यम से सरकारी दफ्तरों के दरवाजे सीधे जनता के लिए खोले गए थे। अब इस व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाकर इसे और अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है।
नए ‘CM जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल ऐप’ के जरिए अब हर दिल्लीवासी अपने मोबाइल फोन या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं की शिकायत सीधे दर्ज कर सकेगा। इससे शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और तेजी आने की उम्मीद है।
75 सेवाएं अब घर के पास
Delhi Government के अनुसार आय, निवास, जाति, विवाह, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और राशन कार्ड सहित 75 सरकारी सेवाएं अब राजधानी के 7,000 कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सेवाएं उनके घर के पास ही मिल सकेंगी।
स्कूल प्रवेश प्रक्रिया होगी पारदर्शी
नए ‘EWS/DG/CWSN पोर्टल’ के माध्यम से निजी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया को अधिक साफ, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इससे पात्र बच्चों को निष्पक्ष और समान अवसर मिलने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री का कहना है कि तकनीक के जरिए सेवाओं को आसान और सुलभ बनाना ही विकसित दिल्ली की दिशा में बड़ा कदम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।


