DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

कांग्रेस विचारधारा पर चलकर ही सामाजिक न्याय संभव : देवेन्द्र यादव

140वें स्थापना दिवस पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में फहराया गया पार्टी ध्वज

वीना टंडन
नई दिल्ली, 28 दिसम्बर।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में पार्टी का ध्वज फहराया। इस मौके पर सेवादल के कार्यकर्ताओं द्वारा वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया।
इससे पूर्व देवेन्द्र यादव कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की उपस्थिति में पार्टी का झंडा फहराया।
राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा, मार्गदर्शन और नीति निर्देशों पर चलकर ही जन-जन तक पहुंचा जा सकता है। तभी समाज के सभी वर्गों को सामाजिक न्याय, समानता और अधिकार दिलाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को विकास और प्रगति की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की एक ऐतिहासिक धरोहर है। महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना आज़ाद और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान नेताओं ने देश को आज़ादी दिलाने के लिए निर्णायक संघर्ष किया। श्री यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान में बदलाव कर और कांग्रेस के बलिदानों के इतिहास को नजरअंदाज कर नई पीढ़ी को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन इतिहास का सत्य कभी बदला नहीं जा सकता। कांग्रेस ने हमेशा अन्याय, अत्याचार और हिंसा के खिलाफ सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे को अपना हथियार बनाकर लोकतंत्र और समानता के लिए संघर्ष किया है।
दिल्ली की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। जनता ने भाजपा को उम्मीद के साथ सत्ता सौंपी थी, लेकिन आज दिल्ली की जनता चारों ओर से समस्याओं से घिरी हुई है। बढ़ते वायु प्रदूषण पर उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण कम करने के बजाय आंकड़ों में हेरफेर करने पर ध्यान दे रही है। दिल्ली कांग्रेस ने कई बार प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की, लेकिन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। यदि पक्ष और विपक्ष मिलकर जनता की समस्याओं पर चर्चा करें तो प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कृष्णा तीरथ, पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल, डॉ. नरेन्द्र नाथ, पूर्व विधायक राजेश लिलौठिया, विपिन शर्मा, प्रदेश कांग्रेस प्रशासनिक प्रभारी जतिन शर्मा, पर्यवेक्षक सी.पी. मित्तल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह, सेवादल मुख्य संगठक सुनील कुमार, निगम पार्षद हाजी जरीफ सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button