
विश्व शिक्षक दिवस पर जिलाधिकारी ने राज्य अध्यापक पुरस्कार विजेता अश्वनी जैन को किया सम्मानित
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
फिरोजाबाद। विश्व शिक्षक दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा ने जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, सिविल लाइन दबरई में श्री महावीर दिगम्बर जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज के नागरिक शास्त्र प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन को सम्मानित किया।
अश्वनी कुमार जैन को हाल ही में गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
जैन ने नागरिक शास्त्र विषय को विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाने के लिए नागरिक शास्त्र मेला, भारतीय संसद का मॉडल, संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान क्विज, पोस्टर प्रतियोगिता, पैनल बोर्ड के माध्यम से वीडियो अध्ययन, शैक्षिक भ्रमण एवं टीएलएम जैसी अभिनव गतिविधियों को बढ़ावा दिया।
इसके साथ ही विद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं, महापुरुषों की जयंती एवं राष्ट्रीय पर्वों पर मंच संचालन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं नगर पालिका परिषद सिरसागंज के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर के रूप में स्वच्छता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन और सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अश्वनी कुमार जैन को राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनपद फिरोजाबाद और माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि जैन माध्यमिक शिक्षा विभाग में राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले जनपद फिरोजाबाद के प्रथम शिक्षक हैं।
जिलाधिकारी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए और अधिक प्रभावी कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार जैन ने जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षक साथियों, विद्यालय प्रबंध समिति, समस्त विद्यालय परिवार एवं मीडिया वर्ग का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद श्रीमती मुदिता पाण्डेय भी उपस्थित रहीं।







