
शातिर टप्पेबाज महिला से कुंडल और पैंडल ले उड़े
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उतार प्रदेश
जसराना। बैंक में बैलेंस चेक कर लौट रही एक महिला टप्पेबाजी का शिकार हो गई। दो युवक उसे ऑटो में बैठाकर बैंक के पीछे ले गए और उसके कानों के कुंडल व पैंडल एक बैग में रखवा लिए। घटना के बाद महिला ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र के गांव नवादा निवासी श्रीमती देवी पत्नी महेशपाला सिंह आशा कार्यकर्ता हैं। सोमवार शाम वह स्टेट बैंक में अपना बैलेंस चेक करने गई थीं। बैंक से लौटते समय उन्हें दो युवक मिले, जिन्होंने उनसे एटा जाने का रास्ता पूछा।
महिला के अनुसार, बातचीत के दौरान एक ऑटो वहां पहुंचा, जिसमें दोनों युवक और महिला बैठ गए। आरोप है कि युवक महिला को ऑटो से बैंक के पीछे ले गए। वहां उन्होंने महिला से उसके कानों के कुंडल और पैंडल एक बैग में रखवा लिए और वहां से चले गए।
आरोपियों के जाने के बाद महिला को अपने साथ हुई घटना का एहसास हुआ। उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
थाना प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला टप्पेबाजी का है। घटना की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







