DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

जनरल डिब्बे में सीट को लेकर विवाद बना जानलेवा, शाहदरा रेलवे स्टेशन पर यात्री की पीट-पीटकर हत्या

योगा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हुआ झगड़ा, सहयात्रियों ने बेरहमी से पीटा वायरल वीडियो ने उठाए रेलवे सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं पर सवाल पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज कर शुरू की जांच

वीना टंडन
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सीट पाने की होड़ के दौरान हुए झगड़े में एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे योगा एक्सप्रेस शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची थी। ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान पंकज धामा का कुछ यात्रियों से विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कई सहयात्रियों ने पंकज को जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल पंकज प्लेटफॉर्म पर ही बेसुध होकर गिर पड़े।

वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एक जवान बीच-बचाव कर पंकज को भीड़ से अलग तो करता है, लेकिन बाद में उन्हें प्लेटफॉर्म के फर्श पर छोड़कर आगे बढ़ जाता है।

वीडियो में पंकज के शरीर में हरकत दिखाई देने के बावजूद उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता नहीं मिलती। आरोप है कि न तो मौके पर एम्बुलेंस बुलाने में तत्परता दिखाई गई और न ही घायल यात्री को समय रहते अस्पताल पहुंचाने का पर्याप्त प्रयास किया गया। इसी वजह से लोगों में रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

घटना की सूचना मिलते ही ओल्ड दिल्ली रेलवे पुलिस स्टेशन (पीएस ओडीआरएस) की टीम मौके पर पहुंची। नई दिल्ली रेलवे जिले के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार अचेत अवस्था में पंकज धामा को तत्काल गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक गंभीर मारपीट के कारण पंकज के शरीर के अंदरूनी अंगों में गहरी चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।

हत्या के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

रेलवे पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और धारा 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर भीड़ की हिंसा, रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता की उपलब्धता को लेकर गंभीर सवाल छोड़ गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button