
नारी शक्ति के संकल्प से सशक्त होगा विकसित भारत: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
वीना टंडन
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को निर्मल छाया कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘नारी उत्सव’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज उन्हें मातृशक्ति के अदम्य संकल्प और ऊर्जा का साक्षी बनने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि आज की नारी परिवर्तन की अग्रदूत बन चुकी है और समाज के हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गांवों के छोटे उद्यमों से लेकर वैश्विक कॉरपोरेट जगत तक, जनसेवा से लेकर रक्षा बलों तक, महिलाएं ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को गति देने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का भी प्रयास है कि हर बहन और बेटी आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़े।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आंगनवाड़ी क्रेच सेंटर, सहेली पिंक कार्ड, लखपति बिटिया योजना, कोलैटरल-फ्री लोन और सुरक्षित कार्य वातावरण जैसे अनेक कदम उठाए गए हैं। ये सभी योजनाएं महिलाओं के पोषण, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नारी शक्ति सशक्त होती है, तब राष्ट्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। यही विकसित भारत और विकसित दिल्ली की सबसे मजबूत नींव है।


