
विद्या वाहिनी’ से बढ़ेंगे बेटियों के हौसले, दिल्ली की छात्राओं को मिलेंगी 1.40 लाख साइकिलें
पहले चरण में 3,000 छात्राओं को सौंपी गई साइकिलें - अगले महीने चरणबद्ध तरीके से 1.40 लाख छात्राओं तक पहुंचेगा लाभ - मुख्यमंत्री बोलीं—सुरक्षित आवागमन और शिक्षा को मिलेगा नया बल
‘
–
वीना टंडन
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को पूर्वी विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित समारोह में सरकारी स्कूलों की नौवीं कक्षा की छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ योजना के तहत साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकारी स्कूलों की छात्राओं को ‘विद्या वाहिनी’ साइकिलें प्रदान करते हुए उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि सम्मान का प्रतीक बनेगी और छात्राओं को सुरक्षित तरीके से स्कूल आने-जाने में मदद करेगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष के बजट में घोषित योजना के पहले चरण के तहत 3,000 साइकिलों का वितरण किया गया है। अगले महीने चरणबद्ध तरीके से दिल्ली के सरकारी स्कूलों की छात्राओं को कुल 1.40 लाख साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक पहुंच को आसान बनाना, उनकी नियमित उपस्थिति को बढ़ावा देना तथा उन्हें अधिक आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है।:::






