DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

अमित शाह ने किया ‘मिशन 70 लाख’ पौधारोपण महाभियान का शुभारंभ

वीना टंडन
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री ने मंगलवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली में ‘मिशन 70 लाख’ पौधारोपण महाभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक लोगों से पौधारोपण में भागीदारी की अपील की।
अभियान के तहत राजधानी के करीब दो लाख लोगों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा दिल्ली के सभी 250 वार्डों और 70 विधानसभा क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। लगाए जाने वाले पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फेंसिंग की व्यवस्था की गई है तथा उनकी जियो-टैगिंग भी कराई जा रही है। इससे पौधों की नियमित निगरानी संभव होगी और किसी कारणवश पौधों को नुकसान होने पर वहां दोबारा पौधारोपण किया जा सकेगा।

इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कार्य करती हैं तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं रहता। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमें प्रकृति का सम्मान करना सिखाती है और विकास तथा पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं बल्कि पूरक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद से ही दिल्ली में ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘मिशन 70 लाख’ के माध्यम से न केवल हरित क्षेत्र का विस्तार होगा, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।

सरकार का लक्ष्य इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से एक व्यापक पर्यावरणीय आंदोलन का स्वरूप देना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित दिल्ली का निर्माण किया जा सके।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button