DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली में टैक्स फ्री हुई कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की घोषणा

वीना टंडन
नई दिल्ली, । अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत अभिनीत फिल्म भारत भाग्य विधाता की रिलीज से पहले दिल्ली में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म को राजधानी में टैक्स फ्री घोषित करने का ऐलान किया। फिल्म 12 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म के प्रचार अभियान के तहत कंगना रनौत अपनी टीम के साथ देश के विभिन्न शहरों का दौरा कर रही हैं। भुवनेश्वर और रायपुर के बाद यह विशेष अभियान दिल्ली पहुंचा, जहां आयोजित स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कंगना रनौत ने समाज के उन अनदेखे नायकों को सम्मानित किया, जो संकट के समय चुपचाप अपनी सेवाएं देकर देश और समाज को मजबूत बनाते हैं। सम्मानित होने वालों में निशी पाठक, पुष्पा, सुमन, मेनका, नम्रता यादव, नीति शर्मा, बीके खुराना और शशि लाल शामिल रहे। सभी को ‘भारत भाग्य विधाता’ सम्मान बैज प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, गिरिराज सिंह , डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रताप राव जाधव तथा दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद समेत कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्क्रीनिंग के निमंत्रण को तुरंत स्वीकार किया, जिसके लिए वह सदैव आभारी रहेंगी।

वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंगना रनौत की सराहना करते हुए कहा कि वह संसद में सिनेमा और देश के लोगों की आवाज को मजबूती से उठाती हैं। उन्होंने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ यह संदेश देती है कि देशभक्ति और सेवा की भावना केवल वर्दीधारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर भारतीय के भीतर मौजूद है।

फिल्म के निर्माता देशभर में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित कर पुलिसकर्मियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को सम्मानित कर रहे हैं, जिनकी सेवाएं अक्सर सुर्खियों से दूर रह जाती हैं।

फिल्म को जयंतीलाल गाडाप्रस्तुत कर रहे हैं। इसका निर्माण पेन स्टूडियोज़ , मणिकरणाऔर परमहंस क्रिएशन ने संयुक्त रूप से किया है। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button