
पालम में चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 9 की मौत, 3 घायल
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश, राहत-बचाव पर उठे सवाल
वीना टंडन
नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला अग्निकांड हुआ, जिसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में तीन मासूम बच्चियां भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 15, 6 और 3 वर्ष बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, पालम मेट्रो स्टेशन के पास राम मार्केट स्थित चार मंजिला इमारत में सुबह करीब 7 बजे आग लग गई। इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़ों और कॉस्मेटिक की दुकानें थीं, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रहता था। आग नीचे से शुरू हुई और तेजी से ऊपर फैल गई, जिससे पूरा मकान धुएं की चपेट में आ गया।
दमकल विभाग को सूचना मिलते ही करीब 20 से 30 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और कई लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत में ऊपर जाने-आने का केवल एक ही रास्ता था, जो आग और धुएं से पूरी तरह बंद हो गया। इससे लोग बाहर नहीं निकल सके। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने इमारत से कूदने की कोशिश भी की।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी हुई और हाइड्रोलिक मशीन समय पर काम नहीं कर सकी, जिससे कई जानें बचाई जा सकती थीं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, उपराज्यपाल ने पूरे शहर में अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है।



