
शालीमार बाग में विकास कार्यों की सौगात: सीएम रेखा गुप्ता ने सीवर व सड़क परियोजनाओं का किया उद्घाटन
वीना टंडन
नई दिल्ली।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र
में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पीतमपुरा के पीयू ब्लॉक में नई सीवर लाइन बिछाने के कार्य की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी सीवर समस्या से राहत मिलेगी और जल निकासी व्यवस्था बेहतर व सुचारु होगी। साथ ही क्यूयू ब्लॉक में सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके अलावा पीतमपुरा स्थित आउटर रिंग रोड पर SU-TU-MU, TU-SU-UU और LU-QU ब्लॉकों की सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
‘विकास की रफ्तार होगी और तेज’
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में शालीमार बाग की लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
पीयू ब्लॉक में पुरानी व क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदला जा रहा है।
क्यूयू ब्लॉक में नई लेन और नालियों का निर्माण शुरू हुआ है।
आउटर रिंग रोड से जुड़े ब्लॉकों में विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से हर गली, हर ब्लॉक और हर परिवार तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार सीवर, सड़क, ड्रेनेज और शहरी बुनियादी ढांचे के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे राजधानी में स्वच्छता, सुगमता और बेहतर जीवन स्तर सुनिश्चित किया जा सके।



