
एआई इम्पैक्ट समिट बना टर्निंग प्वाइंट: पीएम मोदी
मन की बात’ में बोले—दुनिया ने देखी भारत की अद्भुत क्षमता
वीना टंडन
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें एपिसोड में कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि एआई की शक्ति के उपयोग की दिशा में यह समिट एक टर्निंग प्वाइंट है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि समिट का आयोजन भारत मंडपम में हुआ, जहां कई देशों के नेता, उद्योग जगत के प्रमुख, इनोवेटर्स और स्टार्ट-अप सेक्टर से जुड़े प्रतिनिधि एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दुनिया एआई का उपयोग किस दिशा में करेगी, इसकी स्पष्ट झलक इस आयोजन में देखने को मिली।
पीएम मोदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें वैश्विक नेताओं और टेक सीईओ से मिलने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में दो प्रोडक्ट ने विशेष रूप से सबका ध्यान खींचा। पहला, अमूल के बूथ पर प्रदर्शित तकनीक, जिसमें एआई की मदद से पशुओं के इलाज और डेयरी प्रबंधन को आसान बनाया जा रहा है। दूसरा प्रोडक्ट भारत की सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ा था, जहां एआई के माध्यम से प्राचीन ग्रंथों और पांडुलिपियों को संरक्षित कर नई पीढ़ी के अनुरूप प्रस्तुत किया जा रहा है। इस दौरान सुश्रुत संहिता का डिजिटल प्रदर्शन भी किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समिट में भारत ने तीन ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल भी लॉन्च किए, जिससे दुनिया को एआई क्षेत्र में भारत की अद्भुत क्षमताएं देखने को मिलीं। उन्होंने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा एआई समिट रहा और देश के नवाचार भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं।

