
मुंबई रोहित शेट्टी के घर पर आगरा के शूटर्स ने की थी फायरिंग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है ये कनेक्शन
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
महाराष्ट्र मुंबई: फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले आगरा के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग लॉरेंश विश्नोई गैंग में शामिल बताए जा रहे हैं।
मुंबई क्राइम ब्रांच और एसटीएफ ने नोएडा से पहले आगरा के बाह के बिजौली में रहने वाले तीन शूटरों सहित चार को अरेस्ट किया है। गिरफ्तार लोगों में रितिक यादव, सनी, सोनू और दीपक शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, नोएडा का रहने वाला दीपक मुख्य शूटर है जो विदेश में बैठे हरि बॉक्सर और आरजू के संपर्क में था। उसी ने रोहित शेट्टी के घर पर गोली चलाई। वहीं आगरा निवासी सनी और सोनू ने घर के बाहर रेकी की थी जबकि रितिक ने दीपक और उसके साथियों को छुपाने में मदद की।
31 जनवरी की देर रात को रोहित शेट्टी के मुंबई जूहू स्थित बिल्डिंग पर पांच राउंड फायरिंग की गई थी। हमलावरों ने इस नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर हमला किया था। एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से जा टकराई।
पुलिस ने अभी तक इस मामले में 11 लोगों को अरेस्ट कर लिया है जबकि आगे की जांच चल रही है।






