DelhiNewsताज़ा तरीन खबरें

सूरजकुंड मेले में झूला हादसा: 13 घायल, बचाव में जुटे निरीक्षक की मौत

वीना टंडन
फरीदाबाद। सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेला परिसर के झूला ग्राउंड में नावनुमा सुनामी झूला टूटकर गिर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 13 लोग घायल हो गए, जबकि बचाव कार्य के दौरान पलवल पुलिस लाइन में तैनात 27वीं एचएपी के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सवा छह बजे झूला ऊपर-नीचे चल रहा था, तभी अचानक एक तरफ का हिस्सा टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। झूले पर 15 से अधिक लोग सवार थे। लोग जान बचाने के लिए झूले से उतरने लगे और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। इसी बीच झूला दूसरी बार पूरी तरह से गिर गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।
बचाव के दौरान गई निरीक्षक की जान
हादसे के समय निरीक्षक जगदीश प्रसाद मौके पर मौजूद थे। वे घायलों को झूले से बाहर निकालने में जुटे हुए थे, तभी उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से पुलिस विभाग और मेला परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
पलवल के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने निरीक्षक जगदीश प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। पुलिस प्रवक्ता संजय कुमार ने बताया कि जगदीश प्रसाद ने विभाग में 36 वर्षों तक सेवा दी थी और वे 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने वाले थे।
अस्पतालों में अफरा-तफरी, प्रशासन रहा मौजूद
हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। 9 घायलों को चार्मवुड विलेज स्थित सुप्रीम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 4 घायलों को बीके जिला अस्पताल भेजा गया। देर रात तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। परिजन इमरजेंसी के बाहर अपनों की सलामती के लिए दुआ करते नजर आए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान और पर्यटन विभाग के एमडी पार्थ गुप्ता अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रात करीब नौ बजे हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने मेला परिसर और अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पर्यटन मंत्री ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जांच के आदेश दिए।
ये लोग हुए घायल
हादसे में घायल लोगों में सहायक उपनिरीक्षक नीलय (बादशाहपुर), सुनील (आरोहा, महेंद्रगढ़), हर्ष प्रकाश (ग्रेटर नोएडा), प्रशांत (धौलपुर, राजस्थान), अनिशा (फरीदाबाद), शिवानी (नोएडा सेक्टर-78), परविंदर सहित अन्य शामिल हैं।
स्थानीय दुकानदार राघव ने बताया कि बचाव कार्य के दौरान उनके कंधे में लोहे की ग्रील गिरने से चोट लगी। उन्होंने करीब सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की।
झूला हादसे के बाद मेला परिसर में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। प्रशासन ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी है और झूला क्षेत्र को बंद कर दिया गया है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button