
विंटर सेशन शुरू होने से पहले PM मोदी का बड़ा बयान — “संसद न बने हार-जीत का अखाड़ा, देश के विकास पर फोकस ज़रूरी”
वीना टंडन
नई दिल्ली।पार्लियामेंट के विंटर सेशन की शुरुआत से पहले PM नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए सभी दलों से देश के विकास और लोकतांत्रिक ज़िम्मेदारियों पर फोकस करने की अपील की। PM मोदी ने कहा कि यह सेशन सिर्फ़ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि देश की रफ्तार बढ़ाने में नई ऊर्जा भरने का अवसर है।
उन्होंने बिहार चुनाव में NDA की बड़ी जीत का ज़िक्र करते हुए कहा कि वहां देखा गया ज़बरदस्त वोटर टर्नआउट भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी लोकतंत्र की नई उम्मीद बताया। PM ने कहा, “भारत ने डेमोक्रेसी को जिया है… भारत की डेमोक्रेसी दुनिया के लिए मिसाल है।”
साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ पार्टियां हार बर्दाश्त नहीं कर पा रही हैं। PM ने कहा कि विंटर सेशन न तो हार की फ्रस्ट्रेशन का मैदान बने और न जीत के घमंड का अखाड़ा।
देश की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था का ज़िक्र करते हुए PM मोदी ने कहा कि संसद को ऐसे कानून और पॉलिसी पर ध्यान देना चाहिए जो भारत को डेवलप्ड नेशन बनने की दिशा में मजबूत करें। PM ने कहा कि सरकार और विपक्ष — दोनों की ज़िम्मेदारी है कि संसद में बहस रचनात्मक हो, राजनीतिक दुश्मनी नहीं।
विंटर सेशन में कई अहम बिल पेश किए जाएंगे।
आज संसद में सेंट्रल एक्साइज (अमेंडमेंट) बिल 2025, हेल्थ सिक्योरिटी और नेशनल सिक्योरिटी सेस बिल 2025, और मणिपुर GST (सेकंड अमेंडमेंट) बिल 2025 पेश किए जाने की संभावना है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इन बिलों को पेश कर सकती हैं।
सत्र की शुरुआत पूर्व सांसदों — कर्नल (रि.) सोना राम चौधरी, विजय कुमार मल्होत्रा, रवि नाइक और अभिनेता से नेता बने धर्मेंद्र — को श्रद्धांजलि देकर होगी।
सरकार ने विंटर सेशन के दौरान विचार के लिए कुल 13 बिल सूचीबद्ध किए हैं। कई बिलों पर स्टैंडिंग कमेटी ने अभी विचार नहीं किया है।
18वीं लोकसभा का 6वां सेशन और राज्यसभा का 269वां सेशन आज सुबह 11 बजे से शुरू हो गया है।



