
पेपर लीक पर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, फास्ट ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा वाला बिल जल्द संसद में
वीना टंडन
नई दिल्ली। पेपर लीक मामलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात राष्ट्र के नाम वीडियो संदेश जारी कर बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट तथा कठोर सजा के प्रावधान वाला विधेयक जल्द लाया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक कोई सामान्य घटना नहीं है। इससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में सरकार ने लगातार कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि विद्यार्थियों का एक साल बर्बाद न हो।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने पूरी क्षमता के साथ कम समय में करीब 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराईं और 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए। देशभर से सफल विद्यार्थियों की खुशखबरी मिल रही है, लेकिन सरकार केवल यहीं तक सीमित रहने वाली नहीं है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन और कठोर दंड के प्रावधान तैयार करने के निर्देश दिए थे। विभागों ने देर रात तक मसौदा तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। इस मसौदे पर शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा होगी। कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमवार से संसद के दूसरे सप्ताह की कार्यवाही शुरू हो रही है और सरकार इस विधेयक को जल्द से जल्द संसद से पारित कराने का प्रयास करेगी, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।






