
लव कुश रामलीला में सुनील लोधी के हनुमान भजनों पर झूमे रामभक्त, चिराग पासवान और मनोज तिवारी भी हुए शामिल
हनुमान भजन क्लबिंग में उमड़ा जनसैलाब, ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ की गूंज से भक्तिमय हुआ लालकिला मैदान सांसद बांसुरी स्वराज ने किया प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक, रामलीला के मंच पर जुटीं कई बड़ी हस्तियां
वीना टंडन
नई दिल्ली। लालकिला मैदान में आयोजित लव कुश रामलीला में मंगलवार की शाम भक्ति, संगीत और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। लोकप्रिय गायक सुनील लोधी की हनुमान भजन क्लबिंग ने रामभक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों और दमदार प्रस्तुतियों के बीच पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की पुत्री स्वाति तथा फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।
लव कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि सुनील लोधी और उनकी टीम की लाइव प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह था। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही महिला, पुरुष, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोग मैदान में पहुंचने लगे थे। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय गायक सुनील लोधी के साथ साज एंड प्रखर बैंड की प्रस्तुति देखने और सुनने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया।
सीता जी के अयोध्या आगमन से रामराज्याभिषेक तक की लीला
हनुमान भजन क्लबिंग से पहले रामलीला के मंच पर लंका से माता सीता के अयोध्या आगमन, अग्निपरीक्षा, हनुमान-भरत संवाद और प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक तक की लीलाओं का मंचन किया गया। इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज ने प्रभु श्रीराम को तिलक लगाकर उनका राज्याभिषेक किया। इस दृश्य ने उपस्थित रामभक्तों को भावविभोर कर दिया।
इसके बाद जैसे ही हनुमान भजन क्लबिंग का कार्यक्रम शुरू हुआ, मैदान में उत्सव का माहौल और भी रंगीन हो गया। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, सांसद मनोज तिवारी, स्वाति और फिल्म ‘हनुमान अंश’ की निर्माता अनुप्रिया सहित कई अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी।
‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ पर झूम उठा मैदान
प्रसिद्ध एंकर काव्या कुल्हाड़ी ने लाइव हनुमान भजन क्लबिंग की शुरुआत की। इसके बाद जैसे ही गायक सुनील लोधी अपनी टीम के साथ मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। सुनील लोधी ने अपने लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ और ‘सागर नैया डार दई’ सहित कई लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी आवाज और भजनों की लय ने पूरे मैदान को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में मशहूर पति-पत्नी की जोड़ी साज एंड प्रखर ने भी अपने बैंड के साथ भजनों को अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया। पारंपरिक भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत संयोजन के मेल ने दर्शकों को खासा आकर्षित किया। भजनों की धुन पर दर्शक तालियां बजाते, गुनगुनाते और थिरकते नजर आए। मंच से उठती भक्ति की स्वर लहरियों के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, मनोज तिवारी और स्वाति भी इस उत्सवी माहौल का हिस्सा बने।
अतिथियों को हनुमान जी की गदा भेंट कर किया सम्मानित
लव कुश रामलीला कमेटी की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे सभी प्रमुख अतिथियों का सम्मान किया गया। कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल, चेयरमैन पवन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्य भूषण जैन, अखिल सिंगल, अंकुर गोयल, सौरव गुप्ता, संदीप भूटानी, बृजमोहन गोयल, गौरव सुरी, प्रवीण सिंगल, संजय वर्मा, वीरू सिंधी और राजकुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों को शक्ति और साहस के प्रतीक श्री हनुमान जी की गदा भेंट कर सम्मानित किया।
लालकिला मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम ने रामलीला की धार्मिक परंपरा को संगीत और सांस्कृतिक उत्सव के साथ जोड़ते हुए दर्शकों के लिए यादगार शाम बना दी। प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक से लेकर हनुमान भजनों की गूंज तक, पूरा आयोजन श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।




