
कोटकी में बीमारी से तड़प रहा निराश्रित गोवंश, उपचार व टीकाकरण की मांग
स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश
फिरोजाबाद के टूंडला। तहसील टूंडला क्षेत्र के गांव कोटकी व आसपास के गांवों में निराश्रित गोवंश के बीमार होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार कई गोवंश बीमारी के लक्षणों से पीड़ित हैं और गांव में तड़पते हुए घूम रहे हैं। समय पर उपचार और टीकाकरण न मिलने से उनकी हालत गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीमार गोवंश के उपचार के लिए पशु चिकित्सा विभाग को सूचना देने के बावजूद नियमित उपचार की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि संबंधित पशु चिकित्सकों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार संपर्क नहीं हो सका।
बीमार गोवंश की स्थिति देखकर ग्रामीणों में रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पशु चिकित्सा विभाग की टीम गांव में पहुंचकर बीमार गोवंश की जांच, उपचार, दवाओं और आवश्यक टीकाकरण की व्यवस्था नहीं करती है तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने पशु चिकित्सकों की टीम को गांव भेजकर बीमार गोवंश की जांच और उपचार कराने तथा अन्य पशुओं में संक्रमण फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि विभागीय टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करे और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।






