DelhiNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

नड्डा से वार्ता बेनतीजा, मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े प्रदर्शनकारी

वीना टंडन
नई दिल्ली केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल के बीच रविवार को हुई वार्ता के बाद भी गतिरोध समाप्त नहीं हो सका। नड्डा ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, जबकि प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी मांगें पूरी होने तक शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा।

जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से पहली बार सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया था। सुबह करीब 11:50 बजे शुरू हुई बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। शाम करीब चार बजे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन सौंपा। नड्डा ने कहा कि उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग करने का आग्रह किया है।

सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका ने बताया कि बैठक के दौरान पहले मौखिक चर्चा हुई और बाद में तीन प्रमुख मांगों वाला ज्ञापन सौंपा गया। उनके अनुसार, नड्डा ने इन मांगों पर शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करने के लिए समय मांगा है, लेकिन फिलहाल सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन या प्रतिबद्धता नहीं दी गई है।

सौरव दास ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की नड्डा से दो बार मुलाकात हुई। उन्होंने बताया कि पहली मांग सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, दूसरी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे या उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने और तीसरी नीट परीक्षा की तैयारी के दौरान जान गंवाने वाले 20 से अधिक छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की है।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, सौरव दास ने दावा किया कि नड्डा ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में आगे कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button