
‘इश्कनामा’ को लेकर जय रंधावा का बड़ा दावा, बोले- “यह फिल्म इतिहास रचेगी”
वीना टंडन
नई दिल्ली। पंजाबी रोमांटिक फिल्म ‘इश्कनामा’ की टीम ने राजधानी दिल्ली के होटल द ललित में भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस दौरान मीडिया को फिल्म की विशेष झलक दिखाई गई। फिल्म की कहानी प्रेम, जुदाई और सरहदों के दर्द को बयां करती है।
‘इश्कनामा’ 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित है। फिल्म की कहानी भारतीय पंजाब के सिख कवि निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों का प्यार बंटवारे की पीड़ा और सीमाओं की बंदिशों के कारण अधूरा रह जाता है।
फिल्म में जय रंधावा और शहनाज़ गिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ अभिनेता सौरभ सचदेवा और अंजुम बत्रा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जय रंधावा ने कहा, “इश्कनामा सच्चे प्यार की कहानी है और मुझे पूरा विश्वास है कि यह फिल्म इतिहास बनाएगी। शुरुआत में इसे पंजाबी भाषा में रिलीज किया जाएगा। दर्शकों की प्रतिक्रिया अच्छी रही तो इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना है।”
उन्होंने पंजाब से अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, “इश्कनामा के लिए पंजाब से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती थी। इसी धरती ने मुझे पहचान दी है, जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। यहां से मिला प्यार शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। शहनाज़ और अरविंद जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों का साथ इस फिल्म को और खास बनाता है।”
वहीं शहनाज़ गिल ने कहा कि ‘इश्कनामा’ सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि उन भावनाओं की कहानी है जिन्हें कोई सीमा रोक नहीं सकती।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म के भावनात्मक पहलुओं, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सच्ची कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया।
‘इश्कनामा’ 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



