DelhiEntertainment & SportsNewsTrendingताज़ा तरीन खबरें

संसद भवन में रामलीला समितियों से मिले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण पर दिया जोर

वीना टंडन
नई दिल्ली।संसद भवन में रविवार को देशभर की विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें **लोकसभा अध्यक्ष ** ने रामलीला के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में **चांदनी चौक से सांसद ** भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में दिल्ली की रामलीलाओं का प्रतिनिधिमंडल श्री रामलीला महासंघ के नेतृत्व में शामिल हुआ। महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि दिल्ली में रामलीलाओं की परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है। उन्होंने मांग की कि सभी सरकारी एजेंसियों की तरह दिल्ली विकास प्राधिकरण भी रामलीला आयोजनों के लिए निशुल्क ग्राउंड उपलब्ध कराए तथा आयोजनों के लिए मुफ्त बिजली की सुविधा दी जाए।

इस अवसर पर रामलीला महासंघ की ओर से अर्जुन कुमार एवं महामंत्री सुभाष गोयल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को गदा एवं रामायण की प्रति भेंट कर सम्मानित किया। प्रतिनिधियों को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एवं परिसर का अवलोकन भी कराया गया।

अपने संबोधन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि रामलीला केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि भारत की सनातन परंपराओं, नैतिक मूल्यों और सामाजिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सदियों से चली आ रही यह परंपरा भारतीय समाज को मर्यादा, त्याग, सेवा, कर्तव्य और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से जोड़ती रही है और इसका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि देशभर की रामलीला समितियां भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सशक्त वाहक हैं। आधुनिक दौर में नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ने के लिए तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि रामलीला सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने रामलीला के प्रचार-प्रसार और संरक्षण से जुड़े सुझाव भी साझा किए।

सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला भारत की सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत उत्सव है और यह हमारी सभ्यता, संस्कारों तथा राष्ट्रीय चरित्र का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संसद भवन में रामलीला समितियों को आमंत्रित कर संवाद स्थापित करना लोकसभा अध्यक्ष की सांस्कृतिक विरासत के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button