ताज़ा तरीन खबरेंउत्तर प्रदेश

मैकैनाइज्ड पार्किंग :काशी के अस्सी घाट पर अद्भुत प्रयोग 9-84 करोड़ की शानदार परियोजना

स्टार न्यूज़ टेलीविजन

राकेश पाण्डेय

वाराणसी का अस्सी घाट इन दिनों टूरिज्म का नया केंद्र बना हुआ है। सुबह-ए-बनारस के साथ यहां शाम की गंगा आरती को देखने के लिए हर दिन हजारों पर्यटक आते हैं। लगातार बढ़ते पर्यटकों की भीड़ के कारण यहां जाम की समस्या भी आम हो गई है।जाम की इस आफत को मैकेनाइज्ड पार्किंग से खत्म किया जाएगा। इसके लिए घाट के करीब मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।

*गोदौलिया इलाके में बनी टू व्हीलर पार्किंग भी है आकर्षक का केन्द्र*

इस हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग में हाइड्रोलिक लिफ्ट से कार को एक फ्लोर से दूसरे फ्लोर तक पहुंचाया जाएगा। अस्सी घाट के करीब निर्माणाधीन इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग की तर्ज पर गोदौलिया चौराहे पर टू-व्हीलर मल्टीलेवल हाईटेक पार्किंग बनाई जा चुकी है। हालांकि अस्सी पर बन रही पार्किंग शहर की पहली मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल कार पार्किंग होगी।

*सीएनडीएस करा रहा निर्माण अफसर लगातार देख रहे प्रगति रिपोर्ट*

इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण पर ₹9.84 करोड़ खर्च होंगे। अस्सी पर फिलहाल इस हाईटेक पार्किंग के निर्माण का काम तेजी से जारी है। माना जा रहा है नए साल तक इसके निर्माण का काम लगभग पूरा भी हो जाएगा। उसके बाद अस्सी और भदैनी इलाके में सड़क किनारे खड़े वाहनों का दबाव भी कम होगा जिससे लोगों को जाम से निजात भी मिलेगी। बताते चलें कि इसके निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (CNDS) को सौंपी गई है। लगातार अफसर इसका जायजा लेकर इसकी प्रगति रिपोर्ट भी देख रहे हैं।

*200 फोर व्हीलर होंगे पार्क जाम के झाम से मिलेगी मुक्ति*

चार मंजिला इस मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग में 200 से ज्यादा फोर व्हीलर वाहन आसानी से खड़े हो सकेंगे। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CMVNY) के तहत अस्सी घाट पर इस मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण हो रहा है। जिससे निर्माण का काम पूरा होने के बाद इस इलाके में काफी हद तक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। बताते चलें कि साल 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हाईटेक मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल फोर व्हीलर पार्किंग की आधारशिला रखी थी।

*आस-पास की कॉलोनियों में जाम लगाती हैं गाड़ियां*

वाराणसी के अस्सी घाट के करीब खाली जमीन पर फिलहाल नगर निगम की ओर से एक वाहन स्टैंड संचालित किया जाता है। लेकिन वीकेंड के दिनों में यह पार्किंग फुल हो जाती है। जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को आस-पास की कॉलोनियों की सड़कों पर गाड़ियां लगानी पड़ती हैं। इस कारण अस्सी और उसके आस-पास के क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन जब अगले कुछ महीनों में इस मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण काम पूरा हो जाएगा तो पर्यटक अपने वाहनों को इस जगह सुरक्षित खड़ा कर सकेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारु रूप से चलती रहेगी।

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button