
लाल किला मैदान में लव-कुश रामलीला का भव्य मंचन, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा परिसर; एलजी तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी देखी लीला
250 फीट की ऊंचाई पर राम-लक्ष्मण को कंधों पर लेकर पहुंचे हनुमान, सोने की लंका धू-धू कर जली
वीना टंडन
नई दिल्ली। लाल किला मैदान में आयोजित विश्वविख्यात लव-कुश रामलीला में शनिवार को उस समय भक्ति और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब विशाल क्रेनों की मदद से करीब 250 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से हनुमान जी अपने कंधों पर श्रीराम और लक्ष्मण को लेकर पहुंचे। इस अद्भुत दृश्य को देखकर लीला स्थल पर मौजूद हजारों रामभक्त रोमांचित हो उठे। श्रद्धालु अपने मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक दृश्य को कैद करने लगे और मोबाइल की चमकती रोशनी से पूरा मैदान जगमगा उठा।
इसके बाद जैसे ही हनुमान जी ने सोने की लंका में आग लगाई, पूरा लीला परिसर ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा। देखते ही देखते विशाल स्वर्णिम लंका धू-धू कर जलने लगी। लंका दहन के इस भव्य दृश्य ने दर्शकों को रामायण के प्रसंगों से जोड़ दिया और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
एलजी, मुख्यमंत्री और असम के स्वास्थ्य मंत्री ने देखी रामलीला
लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि लीला स्थल पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल पहुंचे। सभी अतिथियों ने प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन किया और उनका आशीर्वाद लिया।
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लीला स्थल पर पहुंचे उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, असम के स्वास्थ्य मंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
शबरी से भेंट से लेकर लंका दहन तक का प्रभावशाली मंचन
रामलीला के मंच पर प्रभु श्रीराम की शबरी से भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, लंकनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध और रावण-हनुमान संवाद सहित अनेक प्रमुख प्रसंगों का भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुति, आकर्षक मंच सज्जा और विशेष तकनीकी व्यवस्थाओं ने दर्शकों को रामायण के घटनाक्रम का जीवंत अनुभव कराया।
विशेष रूप से हनुमान जी के लंका पहुंचने और लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। विशाल क्रेनों के माध्यम से आकाश में प्रस्तुत दृश्य रामलीला के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा।
कमेटी पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर लव-कुश रामलीला कमेटी के पदाधिकारी पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल और संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य सदस्य एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
लाल किला मैदान में आयोजित लव-कुश रामलीला में भव्य मंचन, आधुनिक तकनीक और धार्मिक आस्था के मेल ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। लंका दहन के दौरान गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष ने पूरे वातावरण को राममय बना दिया।







