ताज़ा तरीन खबरेंउत्तर प्रदेश

एयर शो का काउंट डाउन शुरू,फंसा आचार संहिता का पेंच नहीं हो पायेगी करोड़ों के परियोजनाओं की बरसात

स्टार न्यूज़ टेलीविजन

राकेश पाण्डेय

वाराणसी:काशी में प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियां तेज हो गयी हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव की आदर्श आचार संहिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे का कार्यक्रम बदल दिया है.

एयर शो के दौरान जिन बड़ी विकास परियोजनाओं के लोकार्पण की तैयारी थी, अब उनमें से कई की सौगात काशीवासियों को नहीं मिल सकेगी. इनमें कैंट-गोदौलिया रोपवे, गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और आनंद काशी आवासीय परियोजना प्रमुख हैं. इनका लोकार्पण नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में कराने की तैयारी की जा रही है.

*24 से 26 अक्टूबर तक एयर शो, 25 को मुख्य कार्यक्रम*

वाराणसी के नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो अब 24 से 26 अक्टूबर के बीच होगा. मुख्य कार्यक्रम 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचने की बात सामने आई है. कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी शामिल होने की संभावना है. हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे का अंतिम प्रोटोकॉल जारी होना बाकी है. एयर शो की तारीख में बदलाव का प्रमुख कारण 23 अक्टूबर को होने वाला विधान परिषद चुनाव है. पहले एयर शो की तारीखों में 23 अक्टूबर भी शामिल थी, लेकिन मतदान वाले दिन आयोजन नहीं कराने का फैसला किया गया.

*रोपवे और गंजारी स्टेडियम की सौगात के लिए करना होगा इंतजार*

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान काशी को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने की तैयारी थी. इनमें कैंट-गोदौलिया रोपवे, गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और आनंद काशी आवासीय परियोजना शामिल हैं. अब आचार संहिता के कारण इनके लोकार्पण कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की तैयारी है. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, इन परियोजनाओं का लोकार्पण नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में कराने पर मंथन चल रहा है. यानी एयर शो के दौरान प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के बजाय मुख्य रूप से एयर शो और अन्य अनुमत कार्यक्रमों तक सीमित रह सकता है।

*23 अक्टूबर को मतदान, 27 को मतगणना*

वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित है. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होनी है. चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ वाराणसी और संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू है. यही वजह है कि प्रधानमंत्री के संभावित दौरे में सरकारी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को लेकर प्रशासन को चुनाव आयोग के नियमों का पालन करना होगा.

*30 लाख तक दर्शकों के पहुंचने का अनुमान*

एयर शो को लेकर प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन की बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. गंगा के दोनों किनारों से करीब 30 लाख दर्शकों के आयोजन देखने पहुंचने की संभावना जतायी गयी है. इसके लिए पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी. क्विक रिस्पॉन्स टीम और अन्य सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी. आयोजन स्थल पर दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, वीआईपी-वीवीआईपी क्षेत्र, मीडिया एरिया, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा जांच केंद्र तैयार किये जा रहे हैं. पार्किंग और यातायात के लिए भी अलग से एकीकृत योजना तैयार की जा रही है।

*गंगा का जलस्तर घटा, फिर भी घाटों की चुनौती बरकरार*

एयर शो से पहले घाटों को आयोजन के लिए तैयार करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है. शनिवार रात नौ बजे गंगा का जलस्तर 66.84 मीटर दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में जलस्तर में करीब 20 से 30 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गयी है. हालांकि घाटों से पानी पूरी तरह हटने में अभी समय लग सकता है.

अब काशी में एयर शो का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. एक तरफ आसमान में भारतीय वायुसेना के करतब देखने के लिए तैयारियां चल रही हैं, तो दूसरी तरफ आचार संहिता के कारण रोपवे और गंजारी स्टेडियम जैसी बड़ी परियोजनाओं की सौगात के लिए काशीवासियों को नवंबर-दिसंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है.

StarNewsHindi

All news article is reviewed and posted by our Star News Television Team. If any discrepancy found in any article, you may contact [email protected] or you may visit contact us page

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button