Newsउत्तर प्रदेशताज़ा तरीन खबरें

ट्रेनी आईपीएस राजेश घुनावत ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के टिप्स

स्टार न्यूज़ टेलीविजन उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद के सिरसागंज। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशों के अंतर्गत चल रही “सफलता का मार्ग अधिकारियों के संग” श्रृंखला के तहत नगर सिरसागंज के प्रतिष्ठित श्री महावीर दिगंबर जैन इंटर कॉलेज में विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक फिरोजाबाद मुदिता पाण्डेय के निर्देशन में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन एवं प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन के संयोजन में हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ट्रेनी आईपीएस अधिकारी राजेश घुनावत ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, निरंतरता एवं समर्पण का संदेश दिया।

मार्गदर्शन सत्र में विद्यालय परिसर में करीब 100 छात्र-छात्राएं प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि फिरोजाबाद जनपद के 3000 से अधिक विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ट्रेनी आईपीएस राजेश घुनावत ने कहा कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतरता और कठोर परिश्रम सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कक्षाओं में पढ़ाए जाने वाले सभी विषयों को जिज्ञासा, ध्यान और लगन के साथ सीखने का आह्वान किया।

सिविल सर्विसेज एवं प्रशासनिक सेवाओं में करियर बनाने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने सामान्य जागरूकता और समसामयिक विषयों की जानकारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इसके लिए विद्यार्थियों को रोजाना नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार एवं सफल नागरिक बनने के लिए अपने समाज और आसपास के वातावरण को समझना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सही दिशा में किया गया प्रयास, अटूट लगन और कड़ी मेहनत ही मनचाही मंजिल तक पहुंचाने में सहायक होती है।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पाण्डेय ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए सफलता के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अश्वनी कुमार जैन ने किया, जबकि आभार विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार जैन ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यार्थी वासुदेव, कु. शिवानी, कु. हिमानी, कु. रिंकल एवं कार्तिक शर्मा ने अपने करियर से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर सोनवीर सिंह राठौर, विपुल जैन सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button