DelhiEntertainment & Sportsताज़ा तरीन खबरें

दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में चमका विश्व सिनेमा, ईरान-अल्जीरिया समेत कई देशों की फिल्मों ने जीते बड़े सम्मान

वीना टंडन
नई दिल्ली।राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) में आयोजित 15वें दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (DIFF) के भव्य पोस्ट-फेस्टिवल अवॉर्ड समारोह में विश्व सिनेमा का शानदार संगम देखने को मिला। संस्कृति मंत्रालय और IGNCA के सहयोग से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में 51 देशों की 178 फिल्मों ने हिस्सा लिया, जहां ईरान, अल्जीरिया, बुल्गारिया, लातविया और रूस जैसे देशों की फिल्मों ने अपनी दमदार कहानियों और तकनीकी उत्कृष्टता से दर्शकों व जूरी को प्रभावित किया।

समारोह में अल्जीरियाई शॉर्ट फिल्म ‘दामू की’ को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जिसे अल्जीरिया के राजदूत अली अचौई समेत दूतावास के अधिकारियों ने ग्रहण किया। वहीं ईरानी निर्देशक हुसैन फिरूज़ेह की फिल्म ‘हैप्पी एंड’ को सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म चुना गया। हिंदी शॉर्ट फिल्म ‘गैया’ के निर्देशक अभय कपूर के कार्य को भी विशेष सराहना मिली।

अंतरराष्ट्रीय सिनेमा श्रेणी में लातविया की फिल्म ‘लिटिल अन्ना’ को बेस्ट सोशल फिल्म का सम्मान मिला, जबकि बुल्गारियाई फिल्मों ‘टू पुट इट माइल्डली’ और ‘अन्ना’ ने क्रमशः बेस्ट एनीमेशन और बेस्ट फीचर फिल्म वर्ल्ड सिनेमा का खिताब अपने नाम किया। बांग्लादेश की फिल्म ‘मानुषेर बागान’ को सामाजिक विषय पर आधारित सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया। रूसी फिल्म ‘द ब्लाइंड’ को जूरी चॉइस अवॉर्ड और ‘हॉर्न एंड आइवरी’ के लिए डारिया गवरुशिनो को बेस्ट रशियन एक्ट्रेस का सम्मान मिला।

भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा में गढ़वाली फिल्म ‘घंगटौल’ के लिए सुशीला रावत को बेस्ट वुमन डायरेक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मलयालम फिल्म ‘जंगर’ और भारतीय म्यूजिक वीडियो ‘लैंड ऑफ अदर्स’ को भी सम्मान मिला। समारोह के दौरान डॉ. सुशील जैन और गुरविंदर गल्लू की मेंडोलिन जुगलबंदी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

फेस्टिवल के संस्थापक रामकिशोर पारचा ने न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड और उत्तर कोरिया समेत कई देशों के राजनयिकों, कलाकारों और जूरी सदस्यों का आभार जताया। इस मौके पर उनके कविता संग्रह ‘तुम’, ‘बर्फ पर तितली’ और ‘तुम्हारा नाम नदी’ का भी भव्य विमोचन किया गया। साथ ही फेस्टिवल की सफलता में योगदान देने वाली कोर टीम को विशेष पदक देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘घंगटौल’ की विशेष स्क्रीनिंग की गई। आयोजकों ने घोषणा की कि अगले वर्ष 16वां दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 15 से 19 फरवरी तक IGNCA में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button